छत्तीसगढ़

मणिपुर में उग्रवादियों का हमला: चलती गाड़ी पर फायरिंग, दो की मौत; NIA को सौंपी गई जांच

मणिपुर। मणिपुर के उखरुल जिले में शनिवार को उग्रवादियों ने दिनदहाड़े हमला कर दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों में एक रिटायर्ड आर्मी जवान भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 2:30 बजे हुई, जब एसडब्ल्यू चिनाओशांग (46) और यरुइंगम वाशुम (42) इंफाल से उखरुल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उनकी चलती गाड़ी पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

इस घटना से एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने उखरुल का दौरा कर कूकी और नागा समुदायों से शांति बनाए रखने और संवाद के जरिए विवाद सुलझाने की अपील की थी। इसके बावजूद हुई इस वारदात ने एक बार फिर राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी गई है। सुरक्षा बलों ने इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और हमलावरों की तलाश जारी है। प्रशासन ने सभी समुदायों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह के उकसावे में न आने की अपील की है।

इधर, कूकी जो काउंसिल ने इस घटना में अपनी किसी भी भूमिका से इनकार किया है, जबकि तंगखुल नागा लॉन्ग (TNL) ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कूकी समुदाय पर आरोप लगाए हैं। इससे इलाके में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

गौरतलब है कि 6 अप्रैल को बिष्णुपुर जिले में भी उग्रवादियों ने एक घर पर बम हमला किया था, जिसमें दो मासूम बच्चों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही हिंसक घटनाओं के चलते राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button