रायपुर में कारोबारी नितिन डागा के घर ED की रेड: दुर्ग में भी दबिश, 10 से ज्यादा अधिकारी दस्तावेज खंगाल रहे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने मंगलवार सुबह रायपुर और दुर्ग में दबिश दी। रायपुर के पंडरी इलाके के रवि नगर स्थित सुशील विला में कारोबारी नितिन डागा के घर छापेमारी की गई।
वहीं, दुर्ग की ऋषभ कॉलोनी में भी ED की टीम जांच कर रही है। दोनों जगहों पर अधिकारी दस्तावेजों की जांच में जुटे हैं।
जानकारी के मुताबिक, रायपुर में ED की टीम सुबह करीब 4 बजे दो गाड़ियों से नितिन डागा के घर पहुंची। यहां अधिकारियों ने दस्तावेज खंगालने शुरू किए। नितिन डागा का ज्वेलरी और जमीन का कारोबार बताया जा रहा है।
दुर्ग की ऋषभ कॉलोनी में भी कार्रवाई
रायपुर के साथ दुर्ग में भी ED की टीम ने दबिश दी है। यहां दो गाड़ियों में 10 से ज्यादा अधिकारी पहुंचे हैं। टीम मौके पर दस्तावेजों की जांच कर रही है। हालांकि, दोनों जगहों पर कार्रवाई के दौरान अब तक क्या मिला है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
भारतमाला प्रोजेक्ट से जुड़ा मामला होने की आशंका
ED की इस कार्रवाई को भारतमाला प्रोजेक्ट से जुड़े मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, एजेंसी की ओर से अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। छापेमारी किस मामले में की जा रही है और जांच का दायरा क्या है, इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
फिलहाल रायपुर और दुर्ग में ED की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही छापेमारी से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
