देश

लाल किला के बाहर से हीरे जड़ा सोने का कलश ले उड़ा शातिर, लाखों रुपये है इसकी कीमत, फूले हाथ-पांव

देश की राजधानी दिल्‍ली में स्थित ऐतिहासिक लाल किला के बाहर बड़ा कांड हुआ है. परिसर में स्थित पार्क से लाखों रुपये मूल्‍य का हीरा जड़ित सोने का कलश चोरी हो गया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के हाथ-पांव फूल गए हैं. बताया जा रहा है कि लाल किला परिसर में जैन धर्म का कोई कार्यक्रम चल रहा था. उसी में करोड़ों रुपये का कलश भी था. मौका देखकर शातिरों ने इसे उड़ा लिया. मामले की जानकारी मिलने के बाद अब इसकी छानबीन शुरू कर दी गई है. बता दें कि यह पूरा इलाका सुरक्षा के लिहाज से काफी संवेदनशील है.
जानकारी के अनुसार, ऐतिहासिक लाल किला परिसर में जैन धर्म का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. उसी में हीरा जड़ित 760 ग्राम के सोने के कलश को भी शामिल किया गया था. आशंका जताई जा रही है कि चोरों की पहले से ही इस बेशकीमती सोने के कलश पर नजर रही होगी. भीड़-भाड़ में मौका मिलते ही चोरों ने इसपर हाथ साफ कर दिया. बता दें कि यह पूरा इलाका हाई-सिक्‍योरिटी जोन है. सुरक्षा के लिहाज से यहां सीसीटीवी कैमरे भी लगे रहते हैं, ऐसे में सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम के बावजूद चोरों ने चोरी के बड़े कांड को अंजाम दे दिया.
तकरीबन 1 करोड़ रुपये कीमत
घटनास्‍थल पर जैन धर्म के एक धार्मिक कार्यक्रम से लगभग 1 करोड़ रुपये कीमत का सोने और कीमती पत्थरों से जड़ा कलश चोरी हुआ है. 760 ग्राम सोने के इस कलश में 150 ग्राम हीरा, माणिक और पन्ने जड़े थे. यह कलश मंगलवार को हुए कार्यक्रम के दौरान भीड़-भाड़ के समय गायब हो गया. इस कार्यक्रम में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला भी शामिल हुए थे.

CCTV कैमरे में कैद हुआ संदिग्‍ध
दिल्ली के लाल किला के बाहर स्थित पार्क में जैन धर्म के अनुयायियों की ओर से धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया था. इसी में लाखों रुपये के कलश को भी रखा गया था. कारोबारी सुधीर जैन रोजाना पूजा के लिए कलश लेकर आते थे. बीते मंगलवार को कार्यक्रम में कई गणमान्य राजनेता भी पहुंचे थे. स्वागत की अफरातफरी के बीच कलश मंच से गायब हो गया. दिल्ली पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध की गतिविधियां कैद हुई हैं. पुलिस ने संदिग्ध की पहचान कर ली है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई गई है. परिसर में जैन समुदाय का यह अनुष्ठान 15 अगस्त पार्क में चल रहा है और 9 सितंबर तक जारी रहेगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button