छत्तीसगढ़देश

ED का बर्थ-डे गिफ्ट! Ex CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को किया अरेस्ट, कांग्रेस का विधानसभा से बहिष्कार

छत्तीसगढ़ में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने शुक्रवार को विधानसभा की कार्यवाही का बहिष्कार किया और आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं और उनके परिवार के सदस्यों को परेशान करने तथा उन्हें दबाने के लिए किया जा रहा है. ईडी ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में राज्य के दुर्ग जिले के भिलाई शहर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया.

बर्ड डे पर हुई गिरफ्तारी
भूपेश बघेल ने कहा कि “आज मेरे बेटे को उसके जन्मदिन पर गिरफ्तार किया गया है. पहले कवासी लखमा को टारगेट किया, देवेंद्र यादव को टारगेट किया और अब वे मेरे बेटे को निशाना बना रहे हैं. हम न डरेंगे, न झुकेंगे.”

चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के समय कांग्रेस कार्यकर्ता भिलाई में पुलिस से भिड़ गए. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों के साथ झड़प की और ईडी के वाहनों को रोकने की कोशिश की.

विधानसभा के जारी मानसून सत्र के दौरान विपक्ष के नेता चरणदास महंत ने सदन में पूछा कि क्या सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्था से काम कर रही है या मोदी जी की व्यवस्था से.महंत ने कहा कि जिस तरह से ईडी छापेमारी कर रही है, वह हम पर दबाव बनाने तथा हमें और हमारे परिवार के सदस्यों को परेशान करने की कोशिश कर रही है.
उन्होंने कहा, ”हमारे बेटे को उसके जन्मदिन पर (ईडी ने) उठा लिया है.” महंत ने कहा, ”हम इस कदम का कड़ा विरोध करते हैं और विधानसभा की कार्यवाही का बहिष्कार करते हैं.” इसके बाद, भूपेश बघेल सहित कांग्रेस के सदस्य सदन से चले गए. शुक्रवार को राज्य विधानसभा के चल रहे मानसून सत्र का आखिरी दिन है.

कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी की छापेमारी पर कांग्रेस ने भी सवाल उठाए. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कांग्रेस की तरफ से पोस्ट में लिखा गया, “छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर ईडी भेज दी गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग को अपने पालतू की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं. विपक्ष का जो भी नेता उनके भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलता है, उस पर छापे डलवा दिए जाते हैं.”

कांग्रेस ने इस पोस्ट में आगे लिखा, “भूपेश बघेल शुक्रवार को विधानसभा में पेड़ काटने का मुद्दा उठाने वाले थे, उससे पहले ईडी भेज दी गई. लेकिन पीएम मोदी याद रखें, इन गीदड़ भभकियों से कांग्रेस और उसके नेता डरने वाले नहीं. हम और मजबूती से आपके भ्रष्टाचार को उजागर करेंगे.”

Related Articles

Back to top button