छत्तीसगढ़

Vishnu Deo Sai आज Bilaspur दौरे पर: 25 लाख किसानों को 10,324 करोड़ की सौगात; Chhattisgarh विधानसभा होली तक स्थगित, ‘शतक’ टैक्स-फ्री, Raipur में दिव्यांग जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज शनिवार, 28 फरवरी 2026 को बिलासपुर के दौरे पर रहेंगे। इससे पहले निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन, रायपुर से प्रस्थान कर 11:40 बजे श्री बालाजी कैंसर हॉस्पिटल, मोवा पहुंचेंगे और वहां आरक्षित रहेंगे। दोपहर 12:30 बजे अस्पताल से निकलकर 12:40 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे तथा 1:00 बजे स्टेट प्लेन से बिलासपुर के लिए रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 1:10 बजे बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट, बिलासपुर पहुंचने के बाद 1:20 बजे वहां से प्रस्थान कर ग्राम पंचायत रहंगी, विकासखंड बिल्हा स्थित खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां 3:50 बजे कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण समारोह एवं वृहद किसान सम्मेलन में भाग लेंगे। कार्यक्रम के पश्चात वे 4:00 बजे बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पहुंचकर 4:10 बजे रायपुर के लिए रवाना होंगे। 4:30 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर पहुंचने के बाद 5:00 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे। शाम 6:30 बजे पुनः निवास से प्रस्थान कर 6:35 बजे इंडोर स्टेडियम, बुढापारा पहुंचेंगे और 7:35 बजे वहां से निकलकर 7:40 बजे मुख्यमंत्री निवास वापस लौटेंगे। प्रशासन ने उनके दौरे को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

होली से पहले किसानों को बड़ी सौगात, CM साय भेजेंगे 10,324 करोड़ रुपये

बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज किसानों को होली का बड़ा तोहफा देने जा रहे हैं। कृषक उन्नति योजना के तहत 25.28 लाख किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी की जाएगी। इस अवसर पर बिल्हा में राज्य स्तरीय वृहद किसान सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया है, जहां दोपहर 12 बजे राशि वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। राज्य सरकार द्वारा धान का 3100 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य दिए जाने के साथ छत्तीसगढ़ देश में अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है।

होली अवकाश तक स्थगित हुई छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही होली अवकाश के कारण 9 मार्च सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। 23 फरवरी से शुरू हुए बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण हुआ था, जबकि 24 फरवरी को राज्य सरकार ने सदन में बजट प्रस्तुत किया। इसके बाद बजट पर सामान्य चर्चा आयोजित की गई, जो 27 फरवरी को पूरी हो गई। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों ने विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। सामान्य चर्चा समाप्त होने के बाद सभापति ने सदन की कार्यवाही को होली अवकाश तक स्थगित करने की घोषणा की। अब 9 मार्च को विधानसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होगी, जहां बजट पर आगे की प्रक्रिया और विभागवार चर्चा की जाएगी।

प्रदेश में फिल्म ‘शतक’ छह माह तक टैक्स-फ्री घोषित

रायपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्षों के इतिहास पर आधारित फिल्म ‘शतक’ को प्रदेश में छह माह के लिए टैक्स-फ्री घोषित किया गया है। इस संबंध में वाणिज्य कर विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। राज्य शासन ने फिल्म की विषयवस्तु को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को इसकी घोषणा की थी। जारी आदेश के अनुसार, फिल्म के प्रदर्शन के दौरान दर्शकों को टिकट खरीदते समय एसजीएसटी की राशि के बराबर छूट मिलेगी, जिससे टिकट दरों में कमी आएगी।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

दिव्यांग जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह

रायपुर में विभिन्न सामाजिक, साहित्यिक और धार्मिक आयोजन आयोजित किए जाएंगे। विकलांग चेतना परिषद एवं सहयोगी संस्थाओं द्वारा आशीर्वाद भवन, बैरनबाजार में दिव्यांग जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह रखा गया है। सुबह 10 बजे से पंजीयन प्रारंभ होगा, शाम 4 बजे से तेल-हल्दी व मेहंदी की रस्में निभाई जाएंगी और शाम 6 बजे से विवाह गीतों के साथ वैवाहिक रस्में संपन्न होंगी।

कवि दरबार का आयोजन

छत्तीसगढ़ हिंदी साहित्य मंडल के स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह के अवसर पर कवि दरबार का आयोजन वृंदावन हॉल, सिविल लाइंस में किया जाएगा। यह कार्यक्रम अपरान्ह 3 बजे से शुरू होगा, जिसमें साहित्यकारों का सम्मान और काव्य पाठ होगा।

श्रीराम कथा का आयोजन

श्रीरामकिंकर आध्यात्मिक मिशन द्वारा बीटीआई मैदान के सामने सिंधु पैलेस, शंकरनगर में श्रीराम कथा का आयोजन रखा गया है। कथावाचन दीदी मंदाकिनी करेंगी। शाम 5:30 से 6:30 बजे तक भक्ति सत्संग और 6:30 बजे से रात्रि 8:30 बजे तक श्रीराम कथा का वाचन होगा।

होली कार्निवाल का आयोजन

रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस द्वारा आज होटल डेलसिया, लाभांडीह में होली कार्निवाल का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा, जिसमें रंगोत्सव के साथ विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां आयोजित होंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button