BJYM में हो सकता है बड़ा फेरबदल:जल्द जारी होगी युवा मोर्चा पदाधिकारियों की नई सूची

भारतीय जनता पार्टी की सबसे एक्टिव टीम युवा मोर्चा में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। नए प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत टीम को नए सिरे से तैयार करने जा रहे हैं। पार्टी सूत्रों की मानें तो इसी सप्ताह नए पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी जाएगी। खबर है कि नए पदाधिकारियों के नाम तकरीबन तय कर लिए गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बड़े नेताओं की तरफ से दिए गए नामों को तरजीह दी गई है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस नई सूची में कई जिलों के जिला अध्यक्ष बदलने की बात भी सामने आ रही है। रायपुर के जिलाअध्यक्ष गोविंदा गुप्ता को भी बदले जाने की खबर है। हालांकि जिम्मेदारी किसे मिलेगी ये नए पदाधिकारियों की सूची आते ही उजागर होगा। कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि नए प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत 35 साल के दायरे को ध्यान में रखकर नए नामों का एलान करेंगे। उम्र के मसले को लेकर पहले भी युवा मोर्चा में पद दिए जाने को लेकर विवाद रहा है।

पार्टी को भेजे गए नाम
युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने पुष्टि करते हुए दैनिक भास्कर को बताया कि पदाधिकारियों की सूची प्रदेश संगठन के वरिष्ठ नेताओं को सौंप दी गई है। जल्द ही नामों की घोषणा संगठन करेगा। भगत ने कहा कि सभी पदों को लेकर तय नाम दे दिए गए हैं, घोषणा किन-किन पदों की होगा, ये पार्टी तय करेगी।

होना है प्रशिक्षण शिविर
युवा मोर्चा के नए अध्यक्ष बनने के बाद रवि भगत अपने अंदाज में काम कर रहे हैं। आदिवासी युवा नेता की छवि के साथ सरगुजा, जशपुर, रायगढ़ में हाल ही में उन्होेंने कांग्रेस के खिलाफ कई आंदोलन भी किए। अब जल्द ही दुर्ग में युवा मोर्चा का एक बड़ा प्रशिक्षण शिविर होने जा रहा है। इसमें प्रदेश के सियासी मुद्दों पर युवा मोर्चा के आंदोलनों की रणनीति बनेगी, नए पदाधिकारियों को ट्रेंड किया जाएगा। नई सूची आन के बाद ये कार्यक्रम होना है।

सड़क, कानून व्यवस्था पर होगा हल्ला बोल
युवा मोर्चा आने वाले महीनों में सड़कों की अव्यवस्था, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था और प्रदेश में रोजगार के मसले पर बड़ा विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। चुनावी साल में यूथ को भाजपा मजबूती से इस्तेमाल करेगी। इसलिए युवा मोर्चा की टीम कैसी हो ये संगठन के लिए अहम है।

बड़े नेता मानते हैं युवा जोश को अहम
हाल ही में दैनिक भास्कर को प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी नितिन नबीन ने इंटरव्यू दिया था। उन्होंने पार्टी में हो रहे बदलावों को सही बताया था। उन्होंने कहा- सभी कार्यकर्ता जोश में हैं और अब वे छत्तीसगढ़ सरकार की हकीकत सामने लाएंगे। आगामी चुनाव में अनुभव और युवाओं दोनों को मौका दिया जाएगा। सारे चेहरे बदले जाएंगे ऐसा नहीं है। आगामी चुनाव में सक्रिय लोगों को टिकट दिया जाएगा। हम अनुभवी नेताओं और युवाओं के जोश दोनों को साथ लेकर चलेंगे, नई पीढ़ी धीरे- धीरे उतरेगी मैदान में।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button