छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

Rain Alert : छत्तीसगढ़ में तबाही मचाएगा चक्रवाती तूफान! इस जिले में होगी भारी बारिश, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट…..

बीजापुर। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ (Cyclone Ornab) को लेकर छत्तीसगढ़ में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। तूफान के आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने और इसके प्रभाव से भारी से अत्यधिक भारी बारिश की आशंका के बीच बीजापुर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखनी शुरू कर दी है। वहीं, तूफान से निपटने के लिए राज्य सरकार भी तैयारियों में जुटी है।

मौसम विभाग से प्राप्त चेतावनी के अनुसार जिले में 27 अक्टूबर को भारी बारिश तथा 28 अक्टूबर को अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा हवा के झोंकों की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

कलेक्टर ने लोगों से की अपील

संभावित भारी बारिश एवं प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर विश्वदीप ने जिलेवासियों से विशेष सतर्कता एवं सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से कहा है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें तथा अपनी एवं अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। विशेष रूप से नदी-नालों के किनारे रहने वाले ग्रामीणों एवं अंदरूनी क्षेत्रों के नागरिकों को अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, रपटों एवं पुल-पुलियों पर पानी का बहाव होने की स्थिति में उन्हें पार करने का प्रयास न करें। जलभराव एवं बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। गरज-चमक एवं तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों, जर्जर भवनों एवं खुले स्थानों से दूर रहें। किसानों एवं ग्रामीणों से भी खराब मौसम के दौरान खेतों, जंगलों एवं नदी-नालों की ओर अनावश्यक आवागमन नहीं करने की अपील की गई है।

जरूरी वस्तुओं की व्यवस्था की अपील

जिला प्रशासन ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं बीमार व्यक्तियों की सुरक्षा का ध्यान रखने को कहा है। दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों में निवासरत ग्रामीणों से आवश्यक खाद्य सामग्री, पेयजल, दवाइयों एवं अन्य जरूरी वस्तुओं की व्यवस्था रखने की अपील की गई है, ताकि भारी बारिश के कारण आवागमन प्रभावित होने की स्थिति में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

कलेक्टर विश्वदीप ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम संबंधी आधिकारिक चेतावनियों एवं जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी क्षेत्र में जलभराव, बाढ़ जैसी स्थिति, पेड़ गिरने, विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त होने अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन, पुलिस अथवा संबंधित विभाग को सूचना दें। जिला प्रशासन ने सभी जिलेवासियों से अपील की है कि संभावित भारी बारिश को देखते हुए सतर्क एवं सुरक्षित रहें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी जोखिमपूर्ण स्थिति में स्वयं को सुरक्षित रखते हुए प्रशासन को तत्काल अवगत कराएं। नागरिकों की सुरक्षा एवं जनहानि की रोकथाम के लिए सभी का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button