आज से छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आगाज ,ओलंपियन खिलाड़ियों के साथ हुनर दिखाएंगे प्रदेश के सितारे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान दिलाने और स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की शुरुआत आज से होने जा रही है। राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 5 बजे इस लीग का शुभारंभ करेंगे। राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के दिग्गज हॉकी खिलाड़ियों के साथ छत्तीसगढ़ की उभरती प्रतिभाएं भी अपना दमखम दिखाएंगी।
‘चलव रे संगी हॉकी खेलबो’ के संदेश के साथ आयोजित इस लीग में कुल छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। खास बात यह है कि टीमों में ओलंपिक खेल चुके खिलाड़ियों को मार्की प्लेयर के रूप में शामिल किया गया है। अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी तकनीक, रणनीति और खेल कौशल को बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा।
युवा खिलाड़ियों को मिलेगा दिग्गजों से सीखने का मौका
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्देश्य केवल रोमांचक मुकाबले कराना ही नहीं, बल्कि प्रदेश में हॉकी के लिए मजबूत और पेशेवर खेल वातावरण तैयार करना भी है। इस प्रतियोगिता के जरिए युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने, अभ्यास करने और उनसे खेल की बारीकियां सीखने का मौका मिलेगा।
मैदान पर बड़े खिलाड़ियों के साथ समय बिताने से युवाओं को बेहतर टीमवर्क, फिटनेस, त्वरित निर्णय लेने और दबाव में प्रदर्शन करने जैसी क्षमताओं को विकसित करने में मदद मिलेगी। प्रशिक्षकों और अनुभवी खिलाड़ियों के मार्गदर्शन से प्रदेश की प्रतिभाओं को अपनी कमियों को पहचानने और खेल में सुधार करने का अवसर भी प्राप्त होगा।




