छत्तीसगढ़

10वीं-12वीं से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग एवं स्नातकोत्तर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर

राज्यस्तरीय रोजगार मेला 07 एवं 08 अक्टूबर को रायपुर में
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में चयनित युवाओं को वितरित किए जाएंगे ऑफर लेटर
36 नियोजकों एवं प्लेसमेंट संस्थाओं से अब तक 8,720 पदों की जानकारी प्राप्त

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश के युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा 07 एवं 08 अक्टूबर 2026 को सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा, रायपुर में दो दिवसीय वृहद राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।

रोजगार मेले के दूसरे दिन 08 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित किए जाने प्रस्तावित हैं। रोजगार मेले के माध्यम से प्रदेश के शिक्षित एवं प्रशिक्षित युवाओं को स्थानीय उद्योगों के साथ राष्ट्रीय स्तर की कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

अब तक 8,720 रिक्तियां प्राप्त
राज्यस्तरीय रोजगार मेले के लिए विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों, कंपनियों एवं प्लेसमेंट संस्थाओं से रिक्तियों का संकलन लगातार किया जा रहा है। अब तक 36 नियोजकों एवं प्लेसमेंट संस्थाओं से कुल 8,720 रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त हो चुकी है। उपलब्ध रिक्तियों को ई-रोजगार पोर्टल पर प्रदर्शित किया जा रहा है, ताकि अभ्यर्थी अपनी योग्यता एवं रुचि के अनुसार पदों का चयन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकें।

अन्य प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से भी संपर्क किया जा रहा है, जिससे मेले में रोजगार के अवसरों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।

विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं के लिए अवसर
मेले में मैन्युफैक्चरिंग, टेक्निकल, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोबाइल, सेल्स एवं मार्केटिंग, बैंकिंग एवं फाइनेंस, ऑफिस वर्क एवं मानव संसाधन, कस्टमर सर्विस, हेल्थ एंड केयर, सिक्योरिटी, लॉजिस्टिक्स एवं डिलीवरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

रिक्तियों में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिकल इंजीनियर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, सेल्स एग्जीक्यूटिव/ऑफिसर, कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, नर्सिंग स्टाफ, केयर टेकर, सुरक्षा गार्ड, सुरक्षा सुपरवाइजर, ड्राइवर, डिलीवरी बॉय, बाइक राइडर, पिकर-पैकर तथा विभिन्न ट्रेडों में अप्रेंटिस एवं ट्रेनी सहित अनेक पद शामिल हैं।

इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग (बी.ई./बी.टेक.), कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक तथा स्नातकोत्तर (MBA/MCA आदि) योग्यताधारी युवा पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।

देश की प्रमुख कंपनियां एवं संस्थाएं होंगी शामिल
रोजगार मेले के लिए अब तक क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स–सतलज टेक्सटाइल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट बैंक, इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट सहित विभिन्न संस्थाओं द्वारा रिक्तियां उपलब्ध कराई गई हैं।

इन संस्थाओं द्वारा छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ देश के अन्य राज्यों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।

ई-रोजगार पोर्टल से करें ऑनलाइन आवेदन
रोजगार मेले की चयन प्रक्रिया को पारदर्शी, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। युवा घर बैठे उपलब्ध रिक्तियों का अवलोकन कर अपनी योग्यता एवं रुचि के अनुसार उपयुक्त पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।

नियोजक भी पोर्टल पर उपलब्ध अभ्यर्थियों की प्रोफाइल एवं आवेदनों के आधार पर चयन प्रक्रिया संचालित कर सकेंगे। इससे मेले से पहले भी आवश्यकतानुसार अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग एवं प्रारंभिक चयन किया जा सकेगा।

युवाओं को रोजगार और स्वावलंबन से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा युवाओं के कौशल विकास, रोजगार और स्वावलंबन को प्राथमिकता दी जा रही है। राज्यस्तरीय रोजगार मेले के माध्यम से एक ही मंच पर बड़ी संख्या में नियोजकों और रोजगार के इच्छुक युवाओं को जोड़ने का प्रयास है, जिससे युवाओं को उनकी शिक्षा, योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिल सके।

ई-रोजगार पोर्टल पर शीघ्र करें पंजीयन
इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक ई-रोजगार पोर्टल https://www.erojgar.cg.gov.in/ पर पंजीयन कर अपनी प्रोफाइल पूर्ण एवं अद्यतन करें तथा राज्यस्तरीय रोजगार मेले के अंतर्गत प्रदर्शित रिक्तियों में योग्यता एवं रुचि के अनुसार ऑनलाइन आवेदन करें।

जिन अभ्यर्थियों का आधार एवं मोबाइल नंबर संबंधी विवरण अद्यतन नहीं है, वे आवश्यक जानकारी अपडेट कर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं। आयोजन एवं चयन प्रक्रिया से संबंधित नवीन जानकारी के लिए अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल एवं अपने लॉगिन का नियमित अवलोकन करते रहें।

राज्यस्तरीय रोजगार मेले में भाग लेने तथा अपने संस्थान की रिक्तियां उपलब्ध कराने के इच्छुक उद्योग एवं नियोजक 7999385638 एवं 7000397968 पर संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button