छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

भिलाई स्टील प्लांट में हादसे से हड़कंप, स्किड-स्टियर लोडर की चपेट में मजदूर की मौत

भिलाई : सेल के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में सोमवार शाम काम के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। कोक ओवन एंड कोल केमिकल डिपार्टमेंट (CO&CCD) में स्किड-स्टियर लोडर (बॉबकैट) का उठा हुआ बकेट अचानक नीचे आ गिरा। इसकी चपेट में आने से 33 वर्षीय मजदूर ललित कुमार साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

हादसा सोमवार शाम करीब 4:35 बजे कोक ओवन बैटरी 5 एवं 6 के MCR-3 एरिया में हुआ। ललित कुमार साहू वहां ऑपरेशनल और हाउसकीपिंग से जुड़े कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान “हेमन” कंपनी के स्किड-स्टियर लोडर का बकेट उठा हुआ था। अचानक आवाज सुनकर आसपास मौजूद कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो ललित मशीन के सामने के दरवाजे और बकेट के बीच फंसे हुए मिले।

बताया गया कि उनका निचला हिस्सा मशीन के बाहर, जबकि ऊपरी शरीर मशीन के अंदर और दरवाजे के कांच की ओर था। घटना के समय मशीन चालू अवस्था में थी। कर्मचारियों ने उन्हें किसी तरह मशीन से बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से तत्काल एमएमपी-1 पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, बकेट की चपेट में आने से ललित को गंभीर क्रश इंजरी हुई। मृतक की पत्नी निर्मला साहू राजनांदगांव के नवागांव स्थित वार्ड क्रमांक 9 में रहती हैं।

हादसे के बाद प्लांट में भारी उपकरणों के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि उठा हुआ बकेट होने के बावजूद मजदूर उसके नीचे किस परिस्थिति में पहुंच गया। साथ ही, लोडर के लिफ्टिंग मैकेनिज्म और हाइड्रोलिक सिस्टम की स्थिति को लेकर भी जांच जरूरी मानी जा रही है।

फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना ने प्लांट में भारी मशीनरी के साथ काम करने के दौरान सुरक्षा मानकों और सतर्कता को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button