छत्तीसगढ़देश

यूपी-बिहार और छत्तीसगढ़ में पेड़-बिजली गिरने से 13 की मौत: MP-गुजरात में अटका मानसून, दिल्ली-हरियाणा में 43°C पार पारा

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में प्री-मानसून बारिश और भीषण गर्मी का असर एक साथ देखने को मिल रहा है।

उत्तर प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ में सोमवार को पेड़ गिरने और आकाशीय बिजली की घटनाओं में 13 लोगों की मौत हो गई।

वहीं मानसून मध्य प्रदेश और गुजरात में पिछले कई दिनों से ठहरा हुआ है, जबकि दिल्ली और हरियाणा में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में ई-रिक्शा पर नीम का पेड़ गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। बस्ती और महराजगंज में बिजली गिरने से दो अन्य लोगों की जान चली गई।

बिहार के सीतामढ़ी, मुंगेर और पटना में आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हुई, जबकि 24 से अधिक लोग झुलस गए। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में भी बिजली गिरने से दो बच्चों और एक युवक की मौत हो गई।

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून 24 जून को मध्य प्रदेश और गुजरात पहुंचा था, लेकिन इसके बाद उसकी रफ्तार धीमी पड़ गई। अब तक मानसून 22 राज्यों को कवर कर चुका है और 5 जुलाई तक पूरे देश में पहुंचने की संभावना जताई गई है।

उधर, लगातार बारिश के कारण असम और अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। असम के छह जिलों में 22 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। धेमाजी जिले में सबसे ज्यादा असर देखा गया है, जहां 96 गांव जलमग्न हो गए हैं।

मौसम विभाग ने 1 और 2 जुलाई को छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, गोवा और केरल समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

वहीं मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हीटवेव का असर जारी रहने की संभावना है। विशेषज्ञों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने की आशंका के समय खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button