छत्तीसगढ़

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 करोड़ का 6 क्विंटल गांजा जब्त, ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था माल

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य का 6 क्विंटल गांजा जब्त किया है। तस्कर गांजे की खेप को ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहा था। पुलिस ने गांजा, वाहन, मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 3 करोड़ 12 लाख 15 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस ओडिशा सीमा से लगे इलाकों में लगातार निगरानी कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक लाल रंग की टाटा माजदा वाहन में मशीनरी सामान की आड़ में बड़ी मात्रा में गांजा महाराष्ट्र भेजा जा रहा है। सूचना के आधार पर सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के मुरमुरी चौक में घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन चालक ने अपना नाम महबूब बादशाह शेख (65 वर्ष) निवासी अंबरनाथ, जिला ठाणे (महाराष्ट्र) बताया। तलाशी के दौरान वाहन में रखे मशीनरी के बड़े-बड़े कार्टूनों और अन्य सामान के नीचे तथा पीछे 24 प्लास्टिक बोरियां मिलीं। प्रत्येक बोरी में 25-25 किलोग्राम गांजा भरा हुआ था। इस तरह कुल 600 किलोग्राम यानी 6 क्विंटल गांजा बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि गांजे की यह खेप ओडिशा के बौद्ध जिले से महाराष्ट्र के ठाणे ले जाई जा रही थी। पुलिस को आशंका है कि इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क में कई अन्य लोग भी शामिल हैं। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।

तस्करों ने वाहन को काले रंग के त्रिपाल से ढंक रखा था, ताकि बाहर से देखने पर वह सामान्य मालवाहक वाहन लगे। उल्लेखनीय है कि महासमुंद पुलिस ने हाल के दिनों में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की है। इससे पहले भी एंबुलेंस और पिकअप वाहन से बड़ी मात्रा में गांजा जब्त किया जा चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button