छत्तीसगढ़

रेलवे ट्रैक किनारे लाश मिली, कोरबा की घटना

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के मड़वारानी केबिन के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का शव मिला। शव रेलवे के बिजली खंभे के तार से लिपटा हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चलती ट्रेन से खंभे से टकराने के कारण यह हादसा हुआ होगा। स्टेशन मास्टर की सूचना पर उरगा पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, यह घटना देर रात की है। जांच में यह संभावना व्यक्त की गई है कि युवक रात के समय किसी यात्री ट्रेन के गेट पर खड़ा था और संतुलन बिगड़ने पर वह खंभे से टकरा गया। मृतक युवक की उम्र लगभग 24 साल बताई जा रही है। उसने काले रंग का लोअर, टी-शर्ट और जूते पहने हुए थे। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों में मुनादी कराने के साथ-साथ व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से मृतक की पहचान कराने में जुटी है। शव के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला है। थाना प्रभारी ने कहा कि पहचान होने के बाद ही मृतक की पूरी जानकारी मिल सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button