छत्तीसगढ़

साईं मंदिर में चोरों का धावा, गार्ड से मारपीट कर 2 किलो चांदी का छत्र और नगदी ले भागे; पुलिस जांच में जुटी

दुर्ग। दुर्ग जिले में एक बार फिर चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। भिलाई सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर के गार्ड के साथ मारपीट कर वारदात को अंजाम दिया और कटर मशीन से सभी ताले काटकर साईं बाबा का करीब 2 किलो वजनी चांदी का छत्र, अन्य पूजन सामग्री और नगदी चोरी कर फरार हो गए।

घटना की जानकारी सुबह करीब 5 बजे उस समय सामने आई जब मंदिर के पुजारी आरती के लिए पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर के मुख्य द्वार और अन्य ताले टूटे हुए थे, जिसके बाद तुरंत मंदिर ट्रस्ट को इसकी सूचना दी। इसके बाद ट्रस्टियों ने भिलाई कोतवाली पुलिस को मामले से अवगत कराया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।

पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सघन जांच-पड़ताल की। वहीं मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें चार आरोपी कटर मशीन से ताले काटते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं घायल गार्ड का बयान दर्ज किया जा रहा है और आसपास की बस्तियों में भी पूछताछ की जा रही है।

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं सेक्टर-6 जैसे भीड़भाड़ और आवाजाही वाले इलाके में प्रसिद्ध मंदिर से चोरी होने पर पुलिस की पेट्रोलिंग पर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button