देश

चीन में क्यों नहीं दिख रही शी जिनपिंग की ये फोटो? सोशल मीडिया से गायब, ऐसा क्या कर रहे थे

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को हंसते हुए देखना बेहद दुर्लभ होता है. उन्हें गंभीर और सख्त चेहरे वाले नेता के रूप में जाना जाता है. लेकिन इस बार उनकी कुछ नई तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें वह हंसते और मुस्कुराते दिखाई दे रहे हैं. ये तस्वीरें किसी चीनी मीडिया ने नहीं, बल्कि अमेरिका के व्हाइट हाउस ने जारी की हैं. दरअसल, दक्षिण कोरिया के बुसान में हुए अमेरिका-चीन शिखर सम्मेलन के दौरान ली गई इन तस्वीरों को व्हाइट हाउस ने अपनी वेबसाइट पर डाला है. लेकिन ये तस्वीर चीनी सोशल मीडिया से पूरी तरह गायब है. इन तस्वीरों में शी और ट्रंप आमने-सामने बैठे बातचीत कर रहे हैं और माहौल बेहद हल्का दिख रहा है.
एक तस्वीर में शी जिनपिंग मुस्कुराते हुए दिखते हैं, फिर हंसी रोक नहीं पाते जब ट्रंप उन्हें एक कागज दिखाते हैं. यह साफ नहीं है कि उस कागज पर क्या था, लेकिन शी की वह खिलखिलाहट हर किसी का ध्यान खींच रही है. ये तस्वीरें चीन के भीतर खास नहीं दिख रहीं क्योंकि वहां के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे वीबो पर इनका कोई अता-पता नहीं है. दरअसल, चीन में नेताओं की सार्वजनिक छवि पर सख्त नियंत्रण रखा जाता है. शी जिनपिंग खुद भी अपने ‘गंभीर नेता’ के व्यक्तित्व को लेकर बेहद सतर्क रहते हैं.
चीन के बाहर हंसते हुए दिखे जिनपिंग
शी को इस तरह हंसते हुए देखना इसलिए भी दुर्लभ है क्योंकि वह आम तौर पर गंभीर मुद्रा में भाषण देते या कार्यक्रमों में दिखाई देते हैं. हाल ही में जब उन्होंने पीपुल्स लिबरेशन आर्मी की परेड में हिस्सा लिया तो माओ जेडॉन्ग की शैली वाला सूट पहनकर अत्यंत गंभीर अंदाज में उपस्थित रहे. हालांकि, ट्रंप के बाद भी शी जिनपिंग को हंसते हुए देखा गया था. दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्यॉन्ग के साथ उपहारों के आदान-प्रदान में भी ऐसा ही मौका आया था. दरअसल शी ने दो फोन गिफ्ट किए थे. इसके बाद उन्होंने मजाक में कहा, ‘आप देख सकते हैं कि फोन में कोई बैकडोर तो नहीं है.’ यह सुनकर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े. यह मजाक चीन पर लगे साइबर जासूसी के आरोपों पर एक हल्का कटाक्ष था.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button