छत्तीसगढ़

SSB कैंप में जवान ने सर्विस रायफल से खुद को गोली मारी

अंतागढ़ के कुहचे गांव की घटना; UP निवासी हवलदार की मौके पर मौत, जांच के लिए फॉरेंसिक टीम पहुंची

कांकेर। कांकेर के अंतागढ़ इलाके में SSB कैंप के अंदर सोमवार को एक जवान ने सर्विस रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद कैंप में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी आनंद प्रकाश तिवारी के रूप में हुई है। वह कुहचे गांव स्थित SSB कैंप में हवलदार के पद पर तैनात था।

जानकारी के मुताबिक, आनंद प्रकाश तिवारी ने अज्ञात कारणों के चलते अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज के बाद कैंप में मौजूद जवान और अधिकारी मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल जवान की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद SSB के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थानीय पुलिस को भी सूचना दी गई। अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की।

आत्महत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं

फिलहाल यह सामने नहीं आया है कि जवान ने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस उसकी निजी और ड्यूटी से जुड़ी परिस्थितियों की भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों और कैंप में तैनात अन्य जवानों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

फॉरेंसिक टीम करेगी जांच

घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी रवाना किया गया है। टीम मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाकर यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि घटना किन परिस्थितियों में हुई।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में पंचनामा और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही जवान की मौत के वास्तविक कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी सामने आ सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button